कोलकाता (मध्य स्वर्णिम): बीजेपी के स्टार प्रचारक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर कूचबिहार में रैली को संबोधित कर कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार, घुसपैठ और महिलाओं के खिलाफ अत्याचार ने जनता को भय और असुरक्षा के माहौल में धकेल दिया है। पीएम मोदी ने कहा कि टीएमसी के पापों का घड़ा भर चुका है और अब बंगाल की जनता बदलाव चाहती है। चुनाव के बाद भ्रष्टाचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी, चुन- चुनकर हिसाब पूरा किया जाएगा और जनता का लूटा हुआ पैसा वापस कराया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी ने आरोप लगाया कि टीएमसी शासन में लोकतंत्र कमजोर हुआ है और संवैधानिक संस्थाओं की अनदेखी हो रही है। उन्होंने संदेशखाली जैसी घटनाओं का जिक्र कर महिलाओं की सुरक्षा को बड़ा मुद्दा बताया। पीएम मोदी ने कहा कि हमारा बंगाल एक समय भारत के सबसे बड़े विकसित राज्यों में शुमार था। विकास व्यापार उद्योग कला संस्कृति हर क्षेत्र में बंगाल आगे रखा था। लेकिन फिर बंगाल पर ग्रहण लग गया। पहले कांग्रेस का, फिर लेफ्ट का और अब टीएमसी का ग्रहण लग गया। उन्होंने कहा कि इससे बंगाल की चमक फीकी पड़ती चली गई। पहले देश में एक सामान्य व्यक्ति औसतन जितना कमाते थे, बंगाल का मानुस उससे ज्यादा कमाता था। लेकिन अब बंगाल में भष्ट्राचार करने वाली सरकारों के कारण स्थिति उलट गई है।
बंगाल में हुआ शिक्षक भर्ती घोटाला:
आज देश के अन्य राज्य विकास कर रहे हैं, लेकिन बंगाल पीछे होता जा रहा है। यहां से फैक्ट्रियां बाहर जा रही है। बंगाल के लोगों को पता है कि शिक्षक भर्ती घोटाला हुआ। टीएमसी के विधायक मंत्री पूरी सरकार इन घोटालों में शामिल थी। कट, कमीशन और करप्शन से युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ हुआ है। जब भी चुनाव आता है, टीएमसी वाले झूठे वादे लेकर आते हैं। लेकिन हालात वैसे के वैसे ही बने हुए हैं। नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमारा बंगाल शक्ति पूजा की धरती है। यहां आई सभी बहनों-बेटियो को बंगाल की हर बेटी से कहूंगा बीजेपी आपके सम्मान और आपकी समृद्धि के लिए मैदान में है। बंगाल में बीजेपी की सरकार आएगी, तब महिला सशक्तिकरण का द्वार खोलेगी। इसकारण बहनों-बेटियों की पहली पंसद बीजेपी है। महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार ने 16-17-18 अप्रैल को संसद का विशेष सत्र रखा है।




