एआई टूल से फर्जी सिम रैकेट का खुलासा

0

बालाघाट: पुलिस ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (फेस एनालिसिस टूल) की मदद से फर्जी सिम कार्ड के बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। जांच में सामने आया कि वर्ष 2019 से 2022 के बीच महज पांच चेहरों का इस्तेमाल कर करीब 450 सिम कार्ड एक्टिवेट किए गए और इन्हें भोपाल से लेकर उत्तर प्रदेश तक सप्लाई किया गया। पुलिस के मुताबिक, इस फर्जीवाड़े में पीओएस एजेंटों ने कूटरचित दस्तावेजों और डिजिटल हेरफेर का सहारा लिया। मामले में कोतवाली थाने में तीन अलग- अलग प्रकरण दर्ज कर कुल 19 आरोपियों को नामजद किया गया है, जिनमें से तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड ली जा रही है। एसपी आदित्य मिश्रा ने प्रेसवार्ता में बताया कि राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में चलाए जा रहे’ ऑपरेशन फेस’ के तहत यह कार्रवाई की गई। एआई टूल ने फेस के छह नोड्स के आधार पर पहचान कर यह खुलासा किया कि बड़ी संख्या में सिम एक ही चेहरों का उपयोग कर सक्रिय किए गए। जांच में इस नेटवर्क के तार मंडला, डिंडोरी, भोपाल और उत्तर प्रदेश से जुड़े मिले हैं।