शोणितपुर (मध्य स्वर्णिम): असम के दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शोणितपुर में एक जनसभा के दौरान कांग्रेस पर अपना हमला और तेज कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पार्टी ने ऐतिहासिक रूप से अपनी नीतियों के जरिए राज्य में अवैध घुसपैठ को बढ़ावा दिया है और अब केंद्र सरकार द्वारा उठाए जा रहे सुधारात्मक कदमों का विरोध कर रही है। सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने दावा किया कि कांग्रेस सरकार ने ‘अवैध प्रवासी (ट्रिब्यूनल द्वारा निर्धारण) अधिनियम’ (आईएमडीटी) इसलिए बनाया था ताकि असम में घुसपैठियों को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने अवैध प्रवासियों की पहचान करने और उन्हें हटाने के केंद्र सरकार के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि यह मुद्दा सरकार के लिए हमेशा से ही एक प्राथमिकता रहा है। पूरे देश में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान का जिक्र करते हुए कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर इस प्रक्रिया का विरोध करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस तरह के विरोध से अवैध घुसपैठ के मुद्दे पर कांग्रेस के रुख को लेकर कई सवाल खड़े होते हैं। असम कांग्रेस के नेता और लोकसभा सांसद गौरव गोगोई को निशाने पर लेते हुए अमित शाह ने उन्हें चुनौती दी कि वे राज्य की जनता के सामने अपना रुख स्पष्ट करें। कहा कि अगर गौरव गोगोई यहां आते हैं, तो उनसे पूछिए कि वे एसआईआर का विरोध क्यों कर रहे हैं।




