भोजशाला पहुंचे हाईकोर्ट के जज, 52 मिनट निरीक्षण

0

धार (मध्य स्वर्णिम): केंद्रीय पुरातत्व विभाग के अधीन धार स्थित भोजशाला का निरीक्षण करने और इसके इतिहास की जानकारी लेने के लिए इंदौर हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति विजय कुमार शुक्ला और आलोक अवस्थी शनिवार दोपहर धार पहुंचे। न्यायाधीशों के आगमन की सूचना मिलते ही सुबह से ही जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया था। न्यायमूर्ति और अधिकारियों का काफिला सीधे भोजशाला के मुख्य मार्ग तक पहुंचा। इसके बाद चौकी के पास बेरिकेड्स लगाकर आम आवाजाही रोक दी गई। न्यायमूर्ति शुक्ला का निरीक्षण पूरी तरह गोपनीय रखा गया। वे करीब 52 मिनट तक भोजशाला परिसर में रहे। इस दौरान पुरातत्व विभाग के अधिकारियों ने संरचना के संरक्षण के लिए किए गए कार्यों की जानकारी दी। निरीक्षण के समय कलेक्टर प्रियंक मिश्रा और एसपी मयंक अवस्थी भी मौजूद रहे। दरअसल, भोजशाला को लेकर वर्ष 2022 में ‘हिंदू फ्रंट फॉर जस्टिस’ द्वारा इंदौर हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी। इस मामले में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने 98 दिनों का सर्वे कर 2189 पृष्ठों की रिपोर्ट न्यायालय में प्रस्तुत की थी। इसके बाद अदालत ने सभी पक्षों से सुझाव और आपत्तियां मांगी थीं। हाल ही में हुई सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति ने स्वयं भोजशाला का निरीक्षण करने की इच्छा जताई थी। इसी के तहत वे शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे धार पहुंचे। ऐसे में यह दिन भोजशाला प्रकरण के लिए अहम माना जा रहा है।