एक अफवाह और पूरे प्रदेश में अफरातफरी, प्रशासन बोला- घबराए नहीं, पंप पर भरपूर स्टॉक

0

भोपाल/खरगोन/रतलाम/उज्जैन/धार: मध्य प्रदेश में पेट्रोल – डीजल को लेकर फैली अफवाहों ने कई शहरों में अचानक हालात बिगाड़ दिए हैं। उज्जैन, धार, खरगोन, ग्वालियर, बुरहानपुर और रतलाम जैसे शहरों में लोगों में घबराहट साफ नजर आई, जहां पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गईं और कई स्थानों पर घंटों इंतजार करना पड़ा। उज्जैन और धार में सुबह से ही भीड़ उमड़ पड़ी, तो बुरहानपुर और ग्वालियर में प्रशासन को सामने आकर स्थिति स्पष्ट करनी पड़ी, वहीं रतलाम में पहले दिन भारी भीड़ के बाद दूसरे दिन हालात सामान्य होते नजर आए। अफवाहों के चलते लोगों द्वारा जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवाने और भंडारण करने की प्रवृत्ति ने स्थिति को और प्रभावित किया। हालांकि सभी जिलों के प्रशासन और पेट्रोल पंप संचालकों ने एक स्वर में स्पष्ट किया है कि कहीं भी पेट्रोल-डीजल की वास्तविक कमी नहीं है और सप्लाई पूरी तरह सुचारू बनी हुई है। आइए जिलेवार स्थिति जानते हैं। उज्जैन में लगातार दूसरे दिन भी देखने को मिला। बुधवार सुबह से ही शहर के कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल भरवाने के लिए लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं।