हाईकोर्ट के जस्टिस आज आएंगे भोजशाला, परिसर का करेंगे मुआयना, दो अप्रैल को होगी अगली सुनवाई

0

धार: मप्र हाईकोर्ट खंडपीठ इंदौर के न्यायमूर्ति विजय कुमार शुक्ला 24 मार्च को एक दिवसीय दौरे पर धार आएंगे। जस्टिस विजय कुमार शुक्ला केंद्रीय पुरातत्व विभाग के अधीन ऐतिहासिक भोजशाला का इतिहास जानने के लिए परिसर का निरीक्षण करते हुए मुआयना करेंगे। जिला प्रशासन को तय कार्यक्रम की आधिकारिक सूचना मिल गई है, जिसके बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस जवानों सहित अधिकारियों की डयूटी लगा दी है। जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 1 बजे तक न्यायमूर्ति शुक्लाु धार पहुंच जाएंगे, सर्किट हाउस से सीधे वाहनों का काफिला भोजशाला पहुंचेगा। इस दौरान पुरातत्व विभाग के अधिकारी सहित प्रशासन की टीम मौजूद रहेगी। साथ ही नौगांव स्थित किले में बने म्यूजियम पर भी सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं, क्योंकि यहां पर भी वर्षों पुराने अवशेष संरक्षित कर रखे गए हैं। यहां पर भी जज का निरीक्षण भोजशाला के बाद हो सकता है। दरअसल भोजशाला को लेकर वर्ष 2022 में याचिकाकर्ताओं ने हिंदू फ्रंट फॉर जस्टिस द्वारा हाईकोर्ट इंदौर में याचिका प्रस्तुत की गई थी। इसमें आर्केलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया द्वारा 98 दिन का सर्वे कर 2189 पेजों की सर्वे रिपोर्ट न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत की थी। इसके बाद न्यायालय द्वारा सभी पक्षों से सुझाव एवं आपत्ति बुलाई थी।