कई जिलों में बारिश-ओलावृष्टि, फसलें बर्बाद, तापमान में आई गिरावट

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट लेकर लोगों और किसानों दोनों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई जिलों में तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई, जिससे जहां तापमान गिरा, वहीं खेतों में खड़ी फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। पांढुर्णा और बैतूल के कई इलाकों में तेज ओले गिरने से गेहूं और संतरे की फसल को भारी नुकसान हुआ है। खेतों में खड़ी फसलें आड़ी हो गईं, जबकि बागानों में संतरे जमीन पर गिर गए। किसानों ने प्रशासन से सर्वे कर मुआवजे की मांग शुरू कर दी है।

कई शहरों में बारिश से बदला मौसम:
उज्जैन, रतलाम और मैहर समेत कई शहरों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। कुछ जगहों पर 10-15 मिनट की तेज बारिश ने सड़कों पर पानी भर दिया और बाजारों में अफरातफरी का माहौल बन गया।

33 जिलों में अलर्ट, तेज हवा और ओले गिरने की चेतावनी:
मौसम विभाग ने भोपाल, इंदौर और ग्वालियर समेत 33 जिलों में आंधी- बारिश का अलर्ट जारी किया है। साथ ही सिवनी, मंडला और बालाघाट में ओले गिरने की संभावना जताई गई है। अगले तीन दिन तक 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।


रात के लिए भी जारी चेतावनी:

जबलपुर, धार और छिंदवाड़ा के कुछ इलाकों में रात के समय बिजली चमकने और ओले गिरने की आशंका जताई गई है। वहीं इंदौर, मुरैना, झाबुआ, बड़वानी और अलीराजपुर समेत कई जिलों में गरज- चमक के साथ बारिश जारी रह सकती है।

तापमान गिरा, ठंडक बढ़ी:
अचानक बदले मौसम के कारण कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। जहां कुछ दिन पहले गर्मी बढ़ रही थी, वहीं अब बारिश और बादलों के कारण हल्की ठंडक महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार 19 और 20 मार्च को असर सबसे ज्यादा रहेगा, जबकि 22 मार्च से मौसम साफ होने लगेगा।