भोजशाला मामले में आज हाईकोर्ट में अहम सुनवाई

0

इंदौर (मध्य स्वर्णिम): मध्य प्रदेश के धार स्थित एएसआई द्वारा संरक्षित ऐतिहासिक इमारत भोजशाला मामले में 16 मार्च को इंदौर हाईकोर्ट में अहम सुनवाई होने जा रही है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की ओर से प्रस्तुत की गई सर्वे रिपोर्ट पर कोर्ट ने सभी पक्षों को आपत्तियां दर्ज कराने के लिए समय दिया था। सोमवार से अब इन्हीं आपत्तियों पर सुनवाई शुरू होगी। जानकारी के अनुसार मुस्लिम पक्ष की ओर से सर्वे रिपोर्ट को लेकर कई अहम बिंदुओं पर आपत्तियां पेश की गई हैं। इन आपत्तियों की जानकारी भी सभी पक्षकारों को उपलब्ध करवा दी गई है। अब कोर्ट में इन बिंदुओं पर विस्तार से सुनवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि हाईकोर्ट में भोजशाला से जुड़े अन्य आवेदनों पर भी 16 मार्च को सुनवाई हो सकती है। इस मामले में तीन अलग-अलग मुस्लिम पक्षों ने खुद को याचिका में पक्षकार बनाने के लिए आवेदन पेश किए हैं। संभावना जताई जा रही है कि इन आवेदनों पर भी सोमवार को ही सुनवाई हो सकती है। हिंदू फ्रंट फॉर जस्टिस की ओर से हाईकोर्ट में दायर याचिका के पक्षकार आशिष गोयल ने बताया कि 16 मार्च को होने वाली सुनवाई में भोजशाला सर्वे रिपोर्ट का क्रमांक 45 वां है।