बंगाल से महाजंगलराज खत्म होगा: पीएम

0

कोलकाता (मध्य स्वर्णिम): प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य की सत्ताधारी दल तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधा है। इस दौरान उन्होंने कहा कि आपका ये उत्साह, जोश बता रहा है कि बंगाल क्या सोच रहा है, बंगाल के मन में क्या चल रहा है। ब्रिगेड परेड ग्राउंड का इतिहास साक्षी है कि जब-जब बंगाल देश को दिशा देता है, ये ब्रिगेड मैदान बंगाल की आवाज बनता है। इस मैदान से अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ उठी आवाज हिंदुस्तान में क्रांति बन गई थी। उसका नतीजा ये हुआ कि अंग्रेजों के अत्याचार और लूट का खात्मा हुआ। आज एक बार फिर ब्रिगेड ग्राउंड से नए बंगाल की क्रांति का बिगुल बज गया है। प्रधानमंत्री ने इस दौरान कहा कि बंगाल में बदलाव अब दीवारों पर भी लिखा जा चुका है और बंगाल के लोगों के दिलों में भी छप चुका है। अब बंगाल से निर्मम सरकार का अंत होकर रहेगा, अब बंगाल से महाजंगलराज का खात्मा होगा।

कटमनी मिलने से टीएमसी सरकार रोक देती है सरकारी योजनाएं:
उन्होंने कहा, एक समय बंगाल पूरे भारत को गति देता था, बंगाल व्यापार और उद्योगों में सबसे आगे था। लेकिन आज यहां का युवा न डिग्री ले पा रहा है और न ही उसे रोजगार मिल पा रहा है। आपके बेटे-बेटियों को काम की तलाश में दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ता है। पहले कांग्रेस, फिर कम्युनिस्ट और अब टीएमसी… ये लोग एक के बाद एक आते रहे… अपनी जेबें भरते रहे… और बंगाल में विकास के काम ठप्प पड़े रहे। टीएमसी सरकार का एक ही एजेंडा है। ये टीएमसी वाले न खुद काम करेंगे, न करने देंगे। जब तक इनको अपना कटमनी नहीं मिल जाता, ये किसी भी योजना को गांव, गरीब तक नहीं पहुंचने देते।