भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश की बहनें आत्मनिर्भरता एवं स्वावलम्बन के मामले में पूरे देश के लिए उदाहरण बन रही हैं। प्रदेश के 5 लाख से अधिक स्व-सहायता समूहों से जुड़कर करीब 65 लाख बहनें आर्थिक रूप से सशक्त हुई हैं। आज प्रदेश में 12 लाख से अधिक लखपति दीदियां कार्यरत हैं। हम महिला उद्यमियों को भी प्रोत्साहित कर रहे हैं। हमारी बहनें अब फैक्ट्रियों और उद्योगों का नेतृत्व कर रही हैं। प्रदेश के 47 प्रतिशत नए स्टार्ट- अप का नेतृत्व अब हमारी बहनों के हाथों में है। हम सभी बहनों के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए मिशन मोड में कार्य करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार है, इसलिए यहां की बहनों को लाड़ली लक्ष्मी और लाड़ली बहना योजना के रूप में डबल खुशियां मिल रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को ग्वालियर जिले के शबरी माता मंदिर परिसर, घाटीगांव में आयोजित राज्य स्तरीय महिला सम्मेलन में लाड़ली बहनों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत प्रत्येक कठिन परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार है।
मुख्यमंत्री आज बरही के किसान सम्मेलन में होंगे शामिल:
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार 14 मार्च को कटनी जिले के बरही (विजयराघवगढ़) में आयोजित किसान सम्मेलन में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री 243.22 करोड़ रुपये के निर्माण व विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत बरही के बड़े तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का शुभारंभ करेंगे और बरही के बड़े तालाब से श्री विजयनाथ धाम मंदिर प्रांगण सभा स्थल तक आभार रैली में शामिल होंगें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव किसान सम्मेलन में कृषि एवं उससे संबंधित विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। वे प्रधानमंत्री कृषक मित्र योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना, सुपर सीडर, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, स्व-सहायता समूह बैंक योजना और रिस्पोंसिबल टूरिज्म होम स्टे से लाभान्वित 7 हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण करेंगे।




