गैस की किल्लत से दिल्ली के 12 रेस्टोरेंट बंद ब्लैक में 5 हजार का मिल रहा एक सिलेंडर

0

नई दिल्ली: ईरान और अमेरिका के बीच जारी भीषण सैन्य संघर्ष की तपिश अब देश की राजधानी दिल्ली की रसोई तक पहुंच गई है। वैश्विक तनाव के कारण ईंधन की आपूर्ति बाधित होने से दिल्ली के होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की भारी कमी के चलते दिल्ली के कम से कम 12 प्रमुख रेस्टोरेंट और खाने-पीने की दुकानों को अस्थायी रूप से अपने शटर गिराने पड़े। सीमित सप्लाई के कारण कई अन्य संचालक भी अपने किचन को चालू रखने के लिए भारी मशक्कत कर रहे हैं। वहीं ये भी बताया जा रहा है कि ब्लैक में एक सिलेंडर की कीमत 5 हजार रुपए चुकाना पड़ रही है। रेस्टोरेंट मालिकों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से कमर्शियल गैस सिलेंडरों का स्टॉक बेहद कम मात्रा में मिल रहा था, जो अब पूरी तरह खत्म हो चुका है। स्टॉक समाप्त होने के कारण कई प्रसिद्ध आउटलेट्स को अपना संचालन बंद करना पड़ा है। इंडिगो हॉस्पिटैलिटी के संस्थापक अनुराग कटियार के अनुसार, स्थिति इतनी गंभीर है कि कई रेस्टोरेंट अब गैस के विकल्प के रूप में इंडक्शन या इलेक्ट्रिक कुकिंग का सहारा लेने की योजना बना रहे हैं ताकि अगले एक-दो दिनों में कामकाज फिर से शुरू किया जा सके। इस संकट के बीच रेस्टोरेंट संचालकों ने गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी के गंभीर आरोप भी लगाए हैं।