भोपाल (मध्य स्वर्णिम): ईरान और इजराइल-अमेरिका युद्ध की वजह से एलपीजी गैस की किल्लत बढ़ सकती है। प्रदेश के कई शहरों में कॉमर्शियल सिलेंडर की डिलीवरी बंद होने लगी है। वहीं, एलपीजी सिंलेडर की डिलीवरी के लिए भी समय सीमा तय की है। 25 दिन में एक बार ही लोगों को सिलेंडर मिलेगी। भोपाल समेत अन्य जिलों में सिलेंडर की डिलीवरी में दिक्कत होने लगी है। एजेंसियों में कही-कही बुकिंग नहीं हो रही है। कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की कमी की खबरों के बीच भोपाल में छोटे होटल और चाय-नाश्ते की दुकानों पर असर दिखने लगा है। कई दुकानदार गैस खत्म होने से दुकान बंद करने की बात कह रहे हैं। वहीं अफवाहों के चलते घरेलू सिलेंडर के लिए भी गैस एजेंसियों पर लंबी लाइनें लग गई हैं, हालांकि एजेंसियों ने घरेलू गैस की सप्लाई सामान्य होने का दावा किया है। इधर कमर्शियल सिलेंडर की किल्लत की खबरों के बीच भोपाल में घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर भी अफवाहें फैल गई। इसके चलते कई लोग गैस एजेंसियों पर पहुंचकर सिलेंडर लेने लगे। सुबह से ही कई एजेंसियों पर लंबी लाइनें देखी गईं। ग्वालियर के कई बड़े कैटरर्स ने 15 मार्च तक की शादियों के ऑर्डर तो स्वीकार किए हैं, लेकिन उनमें लकड़ी और डीजल की भट्टी का उपयोग किया जा रहा है। वहीं अप्रैल में पड़ने वाले चार बड़े विवाह मुहूर्ती को लेकर कैटरर्स ने असमंजस जताया है। उनका कहना है कि डीजल की भट्टी का ज्यादा उपयोग करना सुरक्षित नहीं है। कैटरर्स का कहना है कि अगर जिस घर में शादी है, वहां से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाता है, तभी वे ऑर्डर लेंगे। कई कैटरर्स ने नई बुकिंग लेने से भी इनकार कर दिया है और कुछ जगह ऑर्डर रद्द करने की स्थिति बन रही है। ग्वालियर में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की खपत प्रतिदिन करीब 350 से 400 सिलेंडर की है। एक बड़ी शादी में करीब 35 से 50 सिलेंडर, जबकि छोटी शादियों में 15 से 20 सिलेंडर तक की जरूरत पड़ती है।
घबराने की जरूरत नहीं:
सीएम मोहन यादव ने संभावित क्राइसिस को लेकर खाद्य आपूर्ति विभाग के साथ स्थिति की समीक्षा की थी। उन्होंने कहा है कि मध्य प्रदेश में अभी पर्याप्त स्टॉक हैं। लोगों को पैनिक होने की जरूरत नहीं है। साथ ही अधिकारियों को स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
घरेलू गैस की कोई कमी नहीं:
गैस एजेंसी संचालकों ने स्पष्ट किया है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और किसी तरह की कमी नहीं है। उनका कहना है कि अफवाहों के कारण लोग घबराकर ज्यादा बुकिंग कर रहे हैं। एजेंसियों ने लोगों से अपील की है कि घबराने की जरूरत नहीं है, सिलेंडरों की सप्लाई लगातार जारी है और सभी को समय पर गैस मिलती रहेगी।




