भारत आ रहे थाई जहाज ‘मायुरी नारी’ पर हमला

0

नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): ईरान पर अमेरिकी और इजरायली हमला अब 12वें दिन में प्रवेश कर चुका है। होर्मुज जलडमरूमध्य में एक थाई रजिस्टर्ड मालवाहक जहाज ‘मायुरी नारी’ पर अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ, जिससे जहाज में भीषण आग लग गई। यह जहाज संयुक्त अरब अमीरात के खलीफा बंदरगाह से निकलकर भारत के गुजरात स्थित कंडला बंदरगाह की ओर जा रहा था। हमले के बाद जहाज पर काला धुआं उठता दिखा और चालक दल को जीवन राफ्ट के जरिए जहाज छोड़ना पड़ा।रॉयल थाई नेवी ने बताया कि जहाज थाई कंपनी प्रेशियस शिपिंग का है, जो 178 मीटर लंबा बल्क कैरियर और लगभग 30000 टन का है। हमला बुधवार को हुआ, जब जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहा था। यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) ने रिपोर्ट में कहा कि हमला ओमान के उत्तर में करीब 11 नॉटिकल मील दूर हुआ । जहाज पर आग लगने के बाद चालक दल ने जहाज छोड़ दिया। न्यूज एजेंसी रायटर्स के मुताबिक ओमानी नौसेना ने बचाव अभियान चलाया, जिसमें अब तक 20 चालक दल के सदस्यों को बचा लिया गया है। तीन नाविक अभी भी लापता हैं और उनकी तलाश जारी है। थाई नौसेना ने बयान जारी कर कहा कि हमले का कारण जांच के दायरे में है।