इंदौर/भोपाल (मध्य स्वर्णिम): भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल एवं क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने मंगलवार को इंदौर के गुजराती इनोवेटिव कालेज में पं. दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान के तहत विषय वक्ता कार्यशाला को संबोधित किया। भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि सक्षम कार्यकर्ता ही सशक्त संगठन की नींव के समान होता है। इस प्रशिक्षण महाअभियान के माध्यम से देशभर में लगभग 80 लाख भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा, जो पार्टी की ताकत को और मजबूत करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रशिक्षण से न केवल कार्यकर्ताओं का व्यक्तित्व उभरता है, बल्कि संगठन को भी शक्ति और दिशा मिलती है। भाजपा के कार्यकर्ताओं को सिर्फ पार्टी के लिए नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रशिक्षित किया जाता है। भाजपा का कार्यकर्ता न केवल प्रशिक्षित होता है, बल्कि वह राष्ट्रवाद की प्रगति और महत्ता को समझता है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा की विशिष्ट विचारधारा और मजबूत कार्य पद्धति ही हमें अन्य दलों से अलग बनाती है। भाजपा की निरंतर सफलता में कार्यकर्ताओं के नियमित प्रशिक्षण और अनुशासन का प्रमुख योगदान है, जो पार्टी को एक अजेय राजनीतिक शक्ति बना रहा है। भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य सिर्फ प्रशिक्षण ही नहीं बल्कि कार्यकर्ताओं में आत्मविश्वास और निष्ठा का संचार करना है, जिससे वे संगठन के विकास में अपना योगदान और अधिक प्रभावी ढंग से दे सकें। भाजपा की सफलता और संगठन क्षमता सिर्फ विचारधारा पर आधारित नहीं है, बल्कि कार्यकर्ताओं की निरंतर शिक्षा, साधना और अभ्यास पर भी निर्भर करती है। गुजरात के संगठन महामंत्री रत्नाकर ने कार्यशाला में पीपीटी के माध्यम से मार्गदर्शन किया। कार्यशाला में पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, प्रशिक्षण महाअभियान के पश्चिम मध्य क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रभारी के.सी पटेल, पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नंदिता पाठक, संभाग प्रभारी विजय दुबे एवं डॉ. अभय प्रताप सिंह यादव मंचासीन रहे।




