ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे: जयशंकर

0

नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम एशिया की स्थिति पर नजर रख रहे हैं। ईरान जंग की वजह से पश्चिम एशिया के देशों में फंसे भारतीयों को स्वदेशी वापसी के लिए केंद्र सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि भारत ईरान के संपर्क में है। बहरहाल, प्रधानमंत्री मोदी की इस बैठक से पहले पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने संसद में सोमवार को कहा कि भारत शांति, संवाद और कूटनीति की ओर लौटने का पक्षधर है तथा तनाव कम करने, संयम बरतने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की वकालत करता है। संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण के पहले दिन राज्यसभा में इस मुद्दे पर अपनी ओर से दिए गए एक बयान में उन्होंने कहा कि क्षेत्र में रह रहे भारतीय समुदाय का कल्याण और सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता बनी हुई है। उन्होंने कहा, हम क्षेत्र के देशों की सरकारों के साथ काम करना जारी रखेंगे। हमारे राष्ट्रीय हित हमेशा सर्वोपरि रहेंगे, जिनमें ऊर्जा सुरक्षा और व्यापारिक लक्ष्य शामिल हैं। अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर हमले करने तथा उसके जवाब में तेहरान द्वारा क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों और इजराइल पर हमले किए जाने के बाद तेल की कीमतों में आई तेजी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, भारतीय उपभोक्ताओं का हित हमारे लिए हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता रहा है और आगे भी रहेगा। जहां आवश्यक हुआ है, वहां इस अस्थिर स्थिति में भारतीय कूटनीति ने हमारी ऊर्जा कंपनियों के प्रयासों का समर्थन किया है।