तेल अवीव/तेहरान (मध्य स्वर्णिम): लेबनान में हुए इजराइल के हवाई हमलों में 15 लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा 15 लोग घायल हुए हैं। हमलों में राजधानी बेरूत के एक होटल को निशाना बनाया गया, जहां युद्ध के कारण विस्थापित लोग ठहरे हुए थे। होटल पर हुए हमले में चार लोगों की मौत हुई। वहीं जबल अल-बतूम और कफ रुम्मान शहरों में हुए हमलों में पांच लोगों की जान गई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश के कई अन्य हिस्सों में भी इजराइली एयर स्ट्राइक हुई हैं। इस बीच ईरान समर्थित हिजबुल्लाह ने जवाबी कार्रवाई का दावा किया है। संगठन ने कहा कि उसके लड़ाकों ने अल-मलिकिया सैन्य ठिकाने पर मौजूद इजराइली सैनिकों को रॉकेटों से निशाना बनाया। हिजबुल्लाह ने उत्तरी इजराइल के किरयात शमोना शहर पर कामीकाजे ड्रोन हमले का भी दावा किया।
अंतरराष्ट्रीय कानून लगभग खत्म, पश्चिम एशिया में संघर्ष पर रूस की दो टूक:
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष दिन-प्रतिदिन और भयावह होता जा रहा है। अमेरिका और इस्राइल के भीषण हमलों से दहक रहे मोर्चे पर ईरान भी जोरदार पलटवार कर रहा है। मिसाइलों और ड्रोन की गरज के बीच यह संघर्ष अब नौवें दिन में प्रवेश कर चुका है और पूरे क्षेत्र में तनाव चरम पर है। इसी उग्र हालात के बीच अब रूस का भी बयान सामने आया है। बढ़ते संघर्ष और हमलों पर मॉस्को ने चिंता जताते हुए कहा कि इस संघर्ष के बाद ऐसा लग रहा है कि अंतरराष्ट्रीय कानून अब वास्तव में मौजूद नहीं है।




