हरिद्वार: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हरिद्वार में आयोजित उत्तराखंड सरकार के ‘4 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शनिवार को शामिल हुए। इस मौके पर जनसभा को संबोधित कर उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने बनाया था और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देवभूमि को संवार रहे हैं। इस दौरान केंद्रीय मंत्री शाह ने फिर कहा कि केदारनाथ धाम से लेकर कन्याकुमारी तक पूरे देश में जहां-जहां घुसपैठिए हैं, उन्हें चुन-चुनकर भारत से बाहर किया जाएगा। इसके पहले केंद्रीय मंत्री शाह एक दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंचे हैं। देहरादून के जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे हेलीकॉप्टर से हरिद्वार के बैरागी कैंप मैदान पहुंचे। यहां उन्होंने ई-0 एफआईआर प्रणाली की शुरुआत की और 1129.91 करोड़ रुपए की 39 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। जिसके बाद सीएए के तहत 3 पाकिस्तानी और 1 अफगानिस्तानी शरणार्थी को भारतीय नागरिकता के प्रमाण पत्र सौंपे।




