कोटा तेजी से कनेक्टिविटी के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा: मोदी

0

कोटा (मध्य स्वर्णिम): राजस्थान के कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के भूमि पूजन और शिलान्यास समारोह कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल संबोधन के माध्यम से विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें कही। उन्होंने परियोजना को क्षेत्र के लिए नई उम्मीद और बड़ी उपलब्धि बताया। कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू भी मौजूद रहे। इस मौके पर कोटा संभाग को सात हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज का दिन कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ सहित पूरे हाड़ौती क्षेत्र के लिए नई उम्मीद लेकर आया है। करीब डेढ़ हजार करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह आधुनिक एयरपोर्ट आने वाले समय में पूरे क्षेत्र के विकास को नई गति देगा। उन्होंने कहा कि उन्हें नवंबर 2023 में कोटा की अपनी यात्रा को याद किया है, जब उन्होंने जनता से वादा किया था कि कोटा का एयरपोर्ट केवल सपना नहीं रहेगा, बल्कि इस सपने को जल्द साकार किया जाएगा। आज उस वादे को पूरा करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है और एयरपोर्ट निर्माण का कार्य शुरू होने वाला है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अभी तक कोटा के लोगों को हवाई यात्रा के लिए जयपुर या जोधपुर जाना पड़ता था, इससे समय और असुविधा दोनों होती थी। लेकिन एयरपोर्ट बनने के बाद यह स्थिति बदल जाएगी। इससे कोटा और आसपास के क्षेत्रों में यात्रा सुविधाजनक होगी और व्यापार व उद्योगों को भी नई गति मिलेगी। पीएम मोदी ने कोटा को केवल शिक्षा का ही नहीं बल्कि ऊर्जा का भी बड़ा केंद्र बताया।