भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमन्त खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह एवं प्रशिक्षण महाअभियान के पश्चिम मध्य क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रभारी के सी. पटेल ने शुक्रवार को भोपाल के रविन्द्र भवन में पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत आयोजित विषय वक्ता कार्यशाला को सम्बोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता कैसा होना चाहिए, यह प्रशिक्षण से तय होता है। प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं की ताकत से भाजपा ने देश को अजेय बनाने का संकल्प लिया है। कांग्रेस से जुड़े महामना पं. मदन मोहन मालवीय ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय की स्थापना कर रहे थे और कांग्रेस पार्टी सोमनाथ मंदिर को नकार रही थी। यह कांग्रेस की विचारधारा के अंतर्विरोध को दर्शाता है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि हमारी पार्टी ने अपनी विचारधारा से कभी समझौता नहीं किया। विचारधारा और कार्यपद्धति के बल पर भाजपा देश में सबसे आगे रहते हुए विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनी है। हम सत्ता के लिए नहीं, बल्कि विचारधारा के लिए जाने जाते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश विकास की राह पर तेजी के साथ बढ़ रहा है। भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि भाजपा जनसंघ के समय से लेकर आज तक जनता के साथ किए हर वादे को पूरा कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों से भारत वर्ष 2047 तक दुनिया का नेतृत्व करने को तैयार है। भाजपा कार्यकर्ता पं. दीनदयाल उपाध्याय व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सपनों का भारत बनाएंगे, जिसमें यह प्रशिक्षण वर्ग बहुत महत्वपूर्ण साबित होगा।




