बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बिहार से जाएंगे राज्यसभा

0

नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। बीजेपी पार्टी ने बिहार, असम, छत्तीसगढ़, हरियाणा, ओडिशा और पश्चिम बंगाल से कुल 9 प्रत्याशियों के नाम तय कर दिए हैं। बीजेपी ने राज्यसभा चुनाव के लिए टिकट वितरण में संगठन में मजबूत पकड़ रखने वाले नेताओं को महत्व दिया है। बता दें कि देश के 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए 16 मार्च को मतदान होना है। नामांकन की आखिरी तारीख 5 मार्च है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बिहार से राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी के उम्मीदवार बने हैं। नवीन पटना के बांकीपुर से पांच बार विधायक हैं और बिहार की राजनीति में मजबूत पहचान है। पश्चिम बंगाल से बीजेपी ने राहुल सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है, जो राज्य में पार्टी के प्रमुख चेहरों में शुमार हैं। युवा नेता शिवेश कुमार को भी बीजेपी ने बिहार से राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है। बिहार में 5 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होने हैं। वहीं, शिवेश राम 2024 का लोकसभा चुनाव सासाराम से लड़े थे, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। वे कांग्रेस प्रत्याशी से हार गए थे। बीजेपी ने इस बार सवर्ण और दलित का कॉम्बिनेशन बनाया है। दोनों भाजपाई हैं। दोनों के पिता ने भी बीजेपी से लंबी राजनीति की है।