नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): पश्चिम एशिया में ईरान, इस्त्राइल और अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध के कारण वहां रह रहे भारतीयों की सुरक्षा खतरे में आई है। दरअसल क्षेत्र में संघर्ष के चलते अधिकतर एयर लाइन कंपनियों ने अपनी सेवाओं को कुछ समय के लिए रोक दिया है। इसके अलावा कुछ देशों में लगातार होते हमलों की वजह से लोगों को सुरक्षित क्षेत्र में जाने के लिए कहा गया है। फ्लाइट्स रद्द होने से फंसे लोग इस क्षेत्र के कई देशों (जैसे ईरान, इस्त्राइल, इराक, यूएई आदि) का हवाई क्षेत्र बंद कर दिया गया है। एयर इंडिया, इंडिगो और स्पाइसजेट जैसी प्रमुख एयरलाइंस ने पश्चिम एशिया क्षेत्र में अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं या निलंबित कर दी हैं। इसके अलावा विदेशी एयरलाइंस भी क्षेत्र में सेवाओं को बंद रखे हुए हैं, जिससे लाखों भारतीय वहां फंस गए हैं। डर और दहशत का माहौल मिसाइल हमलों और इनसे बचाव के लिए अलर्ट करने वाले सायरन की आवाजों की वजह से भारतीय नागरिकों में खौफ है। लोग एहतियात के तौर पर घरों के अंदर रह रहे हैं, सुरक्षित रहने की कोशिश कर रहे हैं और जरूरी भोजन का भंडारण कर रहे हैं। दुबई गए पुणे के एक कॉलेज के 84 छात्र भी फंस गए हैं जिन्हें सुरक्षित होटलों में ले जाया गया है।




