भारत ने उच्च-स्तरीय फोन कॉल्स की श्रृंखला की शुरू

0

नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए साझा सैन्य हमलों के बाद मिडिल ईस्ट में बिगड़ते हालातों के बीच भारत के विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर ने मोर्चा संभाल लिया है। उन्होंने ईरान, इजराइल और सभी प्रमुख खाड़ी देशों के नेतृत्व के साथ उच्च-स्तरीय फोन कॉल्स की एक श्रृंखला शुरू की है। इसका उद्देश्य न केवल हिंसा को रोकना है, बल्कि वहां रहने वाले लाखों भारतीयों की सुरक्षा की गारंटी लेना भी है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जयशंकर ने हिंसा को रोकने के लिए बातचीत और डिप्लोमेसी पर जोर दिया, साथ ही इस अस्थिर क्षेत्र में लाखों भारतीयों की भलाई का भरोसा भी दिलाया है। उन्होंने ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची और इजराइली समकक्ष गिदोन सार से सीधे बात की। जयशंकर ने ईरान में बढ़ती उथल-पुथल पर गहरी चिंता व्यक्त की।

दुबई में फंसे मप्र के 100 से ज्यादा लोग:
इजराइल-ईरान के बीच शनिवार से शुरू हुए सैन्य संघर्ष के चलते कई अंतररराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इसकी वजह से मध्य प्रदेश के 100 से ज्यादा लोग दुबई में फंस गए हैं। इनमें पूर्व विधायक संजय शुक्ला समेत बिजनेसमैन और बिल्डर भी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, शनिवार को इजराइल और अमेरिका की ईरान पर स्ट्राइक के बीच दुबई की मशहूर और दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा के पास ड्रोन हमला हुआ है। इसके बाद दुबई के सभी एयरपोर्ट बंद कर दिए गए हैं और यहां से आने-जाने वाली सभी उड़ानों को अनिश्चितकाल के लिए निरस्त कर दिया गया है। इसका असर मध्य प्रदेश के यात्रियों पर भी पड़ा है।