ईरान में शासन का अंत, खामेनेई की मौत के बाद बदल जाएगा मिडिल ईस्ट का भूगोल

0

तेहरान (मध्य स्वर्णिम): ईरान से आ रही बड़ी खबरों के बीच दुनिया भर की नजरें अब मध्य पूर्व (मिडल ईस्ट) पर टिक गई हैं। इजरायल और अमेरिका के हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह खामेनेई के मारे जाने की सूचना है। इस घटना ने न केवल ईरान की आंतरिक राजनीति को हिलाकर रख दिया है, बल्कि पिछले 47 वर्षों से वहां चला आ रहा इस्लामिक शासन भी अब समाप्त हो गया है। खामेनेई की मौत के साथ ही ईरान में सत्ता परिवर्तन की सुगबुगाहट तेज हो गई है और कयास लगाए जा रहे हैं कि अमेरिका में निर्वासित जीवन जी रहे ईरान के क्राउन प्रिंस रजा पहलवी अब देश की कमान संभाल सकते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ईरान में शासन परिवर्तन केवल एक देश की आंतरिक घटना नहीं है, बल्कि इससे पूरे मिडिल ईस्ट का समीकरण पूरी तरह बदल जाएगा। अब तक ईरान इस क्षेत्र में अमेरिका और इजरायल विरोधी ताकतों का मुख्य केंद्र रहा है। ईरान की सेना के समर्थन से फलने-फूलने वाले उग्रवादी संगठन-हमास, हूती और हिजबुल्लाह – अब नेतृत्व और संसाधनों के अभाव में कमजोर पड़ सकते हैं। ये तीनों संगठन लंबे समय से इजरायल के लिए सुरक्षा चुनौती बने हुए थे और इन्हें ईरान का सीधा संरक्षण प्राप्त था। ईरान ने इन संगठनों के जरिए क्षेत्र के तीन महत्वपूर्ण देशों- यमन (हूती), लेबनान (हिजबुल्लाह) और फिलिस्तीन के गाजा व वेस्ट बैंक (हमास) – पर अपना परोक्ष नियंत्रण बना रखा था। अब जबकि ईरान में एक ऐसी सरकार बनने की संभावना है जिसे अमेरिका का समर्थन प्राप्त होगा, इन संगठनों का वर्चस्व समाप्त होना तय माना जा रहा है। इसका सीधा लाभ इजरायल को मिलेगा, जो अब इस क्षेत्र में एक निर्विवाद सुपर पावर के रूप में उभर सकता है।

कराची के अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के बाहर झड़प:
ईरान पर रविवार सुबह इजराइल और अमेरिका के संयुक्त हमले में वहां के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खमेनेई की मौत की खबर से पाकिस्तान के अलग-अलग हिस्सों में लोग भड़क गए हैं। हजारों प्रदर्शनकारी आज कराची स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के बाहर जमा होकर नारेबाजी की। इस दौरान हुई झड़प के बाद अमेरिकी सुरक्षाकर्मियों ने गोलियां चला दीं, जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई और 18 अन्य घायल हो गए। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सिंध के गृह मंत्री ने पुलिस से घटना की रिपोर्ट तलब की है। जियो टीवी ने सरकारी अस्पताल के अधिकारियों के हवाले से बताया है कि कराची में आज दोपहर अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के बाहर अमेरिका और इजऱाइली हमलों का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प के दौरान कम-से-कम 9 लोगों की मौत हो गई और 18 अन्य घायल हो गए।

ईरान के अंतरिम सर्वोच्च नेता बने अयातुल्ला अराफी:
अमेरिका-इजराइल के संयुक्त हवाई हमले में रविवार को ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद सीनियर मौलवी अयातुल्ला अलीरेजा अराफी ईरान के अंतरिम सर्वोच्च नेता के तौर पर काम करेंगे। खामेनेई की मौत के बाद ईरान ने अपने संविधान के आर्टिकल 111 को लागू कर दिया था, जिससे एक आपातकालीन नेतृत्व व्यवस्था शुरू हो गया था। तीन सदस्यों वाली काउंसिल सर्वोच्च नेता की शक्तियां तब तक संभालेगी।