ग्वालियर (मध्य स्वर्णिम): प्रदेश के श्योपुर में स्थित कूनो नेशनल पार्क से एक बार फिर सुकून देने वाली खबर सामने आई है। पिछले दिनों मादा चीता गामिनी ने तीन नहीं, बल्कि चार शावकों को जन्म दिया था। हाल ही में गामिनी को चारों शावकों के साथ देखा गया। इस नए शावक के साथ ही देश में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 39 हो गई है। खास बात यह है कि यह खुशखबरी बोत्सवाना से आठ चीतों के कूनो आगमन से ठीक एक दिन पहले आई है। इससे कूनो में उत्साह और भरोसा दोनों दोगुना हो गया है। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने यह जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को फील्ड स्टाफ और पशु चिकित्सकों की गहन निगरानी के दौरान चौथे शावक की मौजूदगी की पुष्टि हुई। फिलहाल गामिनी और उसके चारों शावक पूरी तरह स्वस्थ हैं और सामान्य रूप से विकसित हो रहे हैं। इससे पहले 18 फरवरी को गामिनी द्वारा तीन शावकों को जन्म देने की खबर आई थी। लगातार ट्रैकिंग, कैमरा मॉनिटरिंग और फील्ड स्टाफ की सतर्कता के चलते अब चौथे शावक की पुष्टि हो सकी। वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती दिनों में शावक घने इलाके में रहता है, ऐसे में हर शावक की पुष्टि समय लेकर होती है। ग्राउंड टीम ने दूरी बनाए रखते हुए निगरानी की, ताकि मां और शावकों को किसी तरह का तनाव न हो।
बोत्सवाना से आज आएंगे 8 चीते:
कूनो के लिए यह सप्ताह बेहद अहम है। 28 फरवरी, शनिवार को बोत्सवाना से 8 चीते कूनो पहुंचने वाले हैं। यह विदेश से आने वाली चीतों की तीसरी खेप होगी। इससे पहले नामीबिया और दक्षिण अफ्रीका से चीते भारत लाए जा चुके हैं।ताजा आंकड़ों के अनुसार अब देश में 39 चीते हो गए हैं। इनमें से 28 शावक भारत में ही जन्मे हैं। यह साफ संकेत है कि कूनो का पर्यावरण, सुरक्षा व्यवस्था और वैज्ञानिक प्रबंधन चीतों के अनुकूल साबित हो रहा है।




