अब तक 20 लाख 26 हजार से अधिक उपभोक्ताओं ने लिया सरचार्ज में छूट का लाभ: तोमर

0

भोपाल: ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा है कि मध्यप्रदेश सरकार की समाधान योजना 2025- 26 का द्वितीय व अंतिम चरण 28 फरवरी तक लागू है। योजना में शामिल होकर लाभ उठाने के लिए अब केवल 5 दिन शेष हैं। इस दौरान तीन माह से अधिक के बकायादार उपभोक्ताओं को एकमुश्त राशि जमा करने पर 90 प्रतिशत तक सरचार्ज में छूट का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा है कि पिछले साल 3 नवंबर से शुरू हुई समाधान योजना 2025-26 में शामिल होकर अभी तक 20 लाख 26 हजार बकायादार उपभोक्ताओं ने छूट का लाभ लिया है। ऊर्जा मंत्री तोमर ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि तीन माह से अधिक के बकायादार जो उपभोक्ता योजना के प्रथम चरण में शामिल नहीं हो पाए वे अब द्वितीय चरण में शामिल होकर अपना बकाया बिल एकमुश्त जमा करके 90 फीसदी तक सरचार्ज माफी का लाभ उठा सकते हैं। मध्यप्रदेश सरकार की समाधान योजना 2025-26 में अब तक मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के 5 लाख 98 हजार बकायादार लिया है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के खाते में 578 करोड़ 97 लाख से अधिक की मूल राशि जमा हुई है, जबकि 272 करोड़ 76 लाख रूपए का सरचार्ज माफ किया गया है। इस तरह पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के 7 लाख 44 हजार उपभोक्ताओं ने योजना का लाभ लिया है। कंपनी के खाते में 205 करोड़ 20 लाख रूपये जमा हुए हैं, जबकि 68 करोड़ 6 लाख रूपये का सरचार्ज माफ किया गया है। पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के 6 लाख 84 हजार उपभोक्ताओं ने योजना का लाभ लिया है।