इंदौर (मध्य स्वर्णिम): इंदौर में भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद प्रदेश का सियासी पारा और गर्म हो गया है। भाजपा ने दिल्ली में एआई समिट के दौरान कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन का पलटवार करने के लिए इंदौर में गांधी भवन के घेराव का एलान किया, तो कांग्रेसियों ने प्रतिरोध करने की हर संभव कोशिश की। चलिए तस्वीरों में दिखते हैं झड़प और हिंसा से जुड़ी तस्वीरें। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन घेरने की कोशिश की तो वहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं भी एकत्रित हो गए। दोनों तरफ से पत्थर, पानी की बोतलें और टमाटर एक-दूसरे पर फेंके गए। तस्वीर में देख सकते हैं सड़क पर टमाटर बिखरे पड़े हैं। पुलिस ने बैरिकेड लगाकर किसी तरह स्थिति को संभाला। बढ़ते विरोध को देखते हुए पुलिस ने मोर्चा संभाला। कड़ी मशक्कत के बाद प्रदर्शनकारियों को हटाकर हालातों पर काबू पाया गया। पुलिस ने हल्का बल भी प्रयोग किया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। मिली जानकारी के अनुसार, इस पथराव में छह लोग घायल हुए हैं। इसमें एक मीडियाकर्मी और एक पुलिस अधिकारी को भी चोटें आई हैं। एक महिला नेत्री बिंदू चौहान को पथराव में गंभीर चोटें आईं हैं। उन्हे निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। एआई समिट में कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद देशभर में भाजपा ने कांग्रेस कार्यालयों को घेरने की योजना बनाई। वहीं कांग्रेस मध्यप्रदेश विधानसभा में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार पर की गई टिप्पणी को लेकर पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन कर रही है।




