नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश एक कृषि प्रधान राज्य है और देश की अर्थव्यवस्था में उसका बड़ा योगदान है। कृषि क्षेत्र में गेहूं, धान और सोयाबीन उत्पादन के मामले में मध्य प्रदेश देश में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। किसानों की उत्पादन क्षमता बढ़ाने और फसलों में होने वाली बीमारियों की समय पर पहचान और रोकथाम के लिए एआई का किस तरह उपयोग किया जा सकता है, इस पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है और मध्य प्रदेश भी इसमें अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार चिकित्सा के क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई का उपयोग बढ़ाएगी। एआई की मदद से बीमारियों की समय पर पहचान और सही इलाज संभव होगा। आने वाले समय में राज्य सरकार कई और कंपनियों के साथ काम करेगी और उनके निवेश का लाभ लेगी। उन्होंने बताया कि बड़े और छोटे शहरों में आईटी पार्क को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे राज्य में पर्याप्त भूमि और पानी उपलब्ध है। ऐसे में बड़े निवेशकों को बुलाकर यहां डेटा सेंटर स्थापित किए जा सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार ने कई कंपनियों के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) किए हैं और कई कंपनियों को निवेश के लिए आमंत्रित भी किया है। समिट के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गूगल के अधिकारियों के साथ बैठक की और तकनीकी सहयोग को लेकर चर्चा की।
दतिया को विकास कार्यों की सौगात: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज दतिया जिले की तहसील सेवढ़ा में आयोजित कार्यक्रम में 532 करोड़ रूपये के विकास कार्यों की सौगात देंगे। इसमें मुख्य रूप से सिंध नदी पर नव निर्मित सेतु का लोकार्पण शामिल हैं। साथ ही सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बसई सहित अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण भी होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सनकुआ धाम के समीप स्थित द्वारिकाधीश मंदिर में पूजन-अर्चन भी करेंगे। कृषि उपज मंडी प्रांगण सेवढ़ा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव 299.32 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए 53 विकास कार्यों का लोकार्पण और 233.24 करोड़ रुपये की लागत के 21 कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास करेंगे। साथ ही विभिन्न शासकीय योजनाओं में हितग्राहियों को हितलाभ वितरित करेंगे।




