ट्रेन रवाना से पहले बदल सकेंगे बोर्डिंग पॉइंट

0

नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): भारतीय रेल से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे बोर्ड बोर्डिंग स्टेशन बदलने की समय सीमा बढ़ाने पर विचार कर रहा है। नए प्रस्ताव के अनुसार, यात्री ट्रेन के दूसरे रिजर्वेशन चार्ट बनने तक अपना बोर्डिंग स्टेशन बदलने के लिए आवेदन कर सकेंगे। अभी यह सुविधा केवल पहले रिजर्वेशन चार्ट बनने तक सीमित है। कई बार कंफर्म टिकट बुक होने के बाद यात्रियों की यात्रा योजना बदल जाती है। मौजूदा नियमों के चलते उन्हें बोर्डिंग स्टेशन बदलने में बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। नए प्रस्ताव के तहत अगर किसी यात्री ने एक स्टेशन से टिकट कराया है, लेकिन उसी रूट के किसी दूसरे स्टेशन से ट्रेन पकड़ना चाहता है तो वह दूसरे रिजर्वेशन चार्ट तैयार होने से पहले तक अपना बोर्डिंग स्टेशन बदलने के लिए आवेदन कर सकेगा। रेलवे बोर्ड के निदेशक (पैसेंजर मार्केटिंग-2) ने इस संबंध में सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम (सीआरआईएस) को दिशा निर्देश जारी किए हैं। बोर्ड ने तकनीकि व्यावहारिकता जांचने की जिम्मेदारी सीआरआईएस को सौंपी है। अंतिम रिपोर्ट मिलने के बाद ही इस पर निर्णय लिया जा सकेगा। बोर्ड की मंजूरी मिलते ही नए नियम को लागू किया जा सकता है। रेलवे के बदलाव से यात्रियों को राहत मिलेगी। सीटों का प्रबंधन भी बेहतर हो सकेगा। यात्रियों की अंतिम समय की परेशानियां भी घटेंगी। मौजूदा प्रक्रिया के तहत ट्रेनों के तय समय से करीब 10 से 20 घंटे पहले रिजर्वेशन चार्ट बनना शुरू हो जाता है। अगर यह नई व्यवस्था लागू हो जाती है तो यात्रियों को बड़ी राहत मिल सकती है। इसके तहत सामान्य ट्रेनों में यात्री चार्ट तैयार होने से करीब तीस मिनट पहले तक अपना बोर्डिंग स्टेशन बदल सकेंगे।