ढाका (मध्य स्वर्णिम): लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को ढाका में नई बांग्लादेश सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के बाद नए प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात की। इस बात की जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके दी। बिरला ने एक्स पर लिखा कि नई बांग्लादेश सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होकर खुशी हुई। भारत हमेशा बांग्लादेश के लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी राष्ट्र बनाने के प्रयासों का समर्थन करने के लिए तैयार है। मुलाकात के दौरान, बिरला ने रहमान को पद ग्रहण की बधाई दी और उन्हें भारत आने का निमंत्रण भी दिया। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से भेजे गया पत्र भी तारिक रहमान को सौंपा। दोनों नेताओं ने भारत और बांग्लादेश के लोगों के भले के लिए मिलकर काम करने की आशा व्यक्त की।
तारिक रहमान बने बांग्लादेश के 11वें प्रधानमंत्री:
बता दें कि मंगलवार को बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के अध्यक्ष तारिक रहमान को बांग्लादेश के 13वें संसदीय चुनाव में जीत मिलने के बाद 11वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई। प्रधानमंत्री बनने के बाद उनके मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य, मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगिर, अमीर खासरू महमूद चौधरी, सलाहुद्दीन अहमद, इकबाल हसन महमूद, हाफिज उद्दीन अहमद और अन्य ने भी शपथ ली। बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने दक्षिण प्लाजा, नेशनल संसद, ढाका में शपथ दिलाई।




