सागर (मध्य स्वर्णिम): रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व में एक बाघ का शव मिला है। मृतक बाघ की उम्र 3 से 4 साल बताई जा रही है। कोर एरिया में यह बाघ बीते महीने कान्हा टाइगर रिजर्व से यहां लाया गया था। बाघ की मौत किस कारण से हुई है इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी। वन विभाग की टीम के अनुसार, शुरुआती जांच में बाघ की मौत टेरिटोरियल फाइट के कारण हो सकती है। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह बाघ बचपन में अपनी मां से बिछड़ गया था, इसके बाद उसे रेस्क्यू कर रि-वाइल्डिंग प्रशिक्षण दिया गया। जंगल में शिकार और प्राकृतिक परिस्थितियों के अनुकूल बनने के बाद 18-19 जनवरी की दरमियानी रात उसे रेडियो कॉलर लगाकर कोर एरिया में छोड़ा गया था। टाइगर रिजर्व की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही थी। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बाघ की लगातार निगरानी की जा रही थी। बाघ की लोकेशन बीते दो दिनों से एक ही स्थान पर आ रही थी। जिसके बाद वन विभाग की टीम एक्टिव हुई और बाघ की लोकेशन वाली जगह पर पहुंची। यहां बाघ का शव पड़ा हुआ था।




