नई दिल्ली: टी20 विश्व कप 2026 में श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर विश्व कप के सुपर 8 में अपनी जगह पक्की कर ली है। लंका ने कंगारूओं को 8 विकेट से शिकस्त दी है। इस हार के साथ ऑस्ट्रेलिया के ग्रुप स्टेज में ही विश्व कप से बाहर होने की संभावना बढ़ गई है। सोमवार (16 फरवरी) को पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए ग्रुप बी के अहम मुकाबले में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। श्रीलंका का यह फैसला शुरुआत में सही साबित होता नहीं दिखा क्योंकि शुरुआत से ही सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेडऔर मिचेल मार्श ने ताबड़तोड़ रुख अपनाया। एक तरफ ट्रेविस हेड ने 29 गेंदों में 56 रनों की पारी खेली, वहीं दूसरी ओर मिचेल मार्श ने भी 27 गेंदों में 200 के स्ट्राइक रेट के साथ 54 रन बनाए। इन दोनों बल्लेबाजों की शानदार पारी और जोश इंग्लिस और ग्लेन मैक्सवेल के कैमियो की वजह से ऑस्ट्रेलिया ने निर्धारित 20 ओवरों में 181 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। 182 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की शुरुआत खराब रही और कुशल परेरा 3 गेंदों में 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। लेकिन उसके बाद कुशल मेंडिस और पथुम निसांका ने पारी को संभाला। श्रीलंकाई बल्लेबाज पथुम निसांका ने टी-20 विश्व कप 2026 का पहला शतक जड़ दिया। कुशल मेंडिस ने 38 गेंदों में 51 रनों की पारी खेली और अंत में पवन रत्नायके ने भी 28 रन बनाकर मैच को फिनिश कर दिया।




