भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मध्य प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है। सत्र की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार सदन के भीतर तीखी बहस के आसार पहले से ही दिखाई दे रहे हैं। सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से होगी। बजट सत्र 6 मार्च तक चलेगा। इस दौरान कुल 12 बैठकें आयोजित की जाएंगी। 18 फरवरी को वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे। इस बार का बजट पूरी तरह डिजिटल स्वरूप में प्रस्तुत किया जाएगा। पारंपरिक मोटी बजट पुस्तकों की जगह टैबलेट और इलेक्ट्रॉनिक दस्तावेजों का उपयोग होगा। मोहन सरकार पहले ही बजट आकार बढ़ाने के संकेत दे चुके हैं। अनुमान है कि इस बार कुल बजट 4.85 लाख करोड़ रुपये के आसपास रह सकता है, जो पिछले वर्ष के 4.21 लाख करोड़ रुपये से अधिक होगा। विपक्ष कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पेयजल कांड, बढ़ता कर्ज, कानून-व्यवस्था से जुड़े विषय प्रमुख रह सकते हैं। वहीं, सरकार भी विपक्ष को जवाब देने के लिए तैयारी कर रहा है। वर्ष 2026 को कृषि वर्ष घोषित किए जाने के चलते खेती और ग्रामीण विकास पर विशेष फोकस रहने की संभावना है।




