पुडुचेरी (मध्य स्वर्णिम): पुडुचेरी में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते (ट्रेड डीलद्य) और फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफटीए) को लेकर विपक्ष पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किए गए अंतरराष्ट्रीय समझौतों में किसानों, पशुपालकों और मछुआरों के हितों की शत- प्रतिशत सुरक्षा सुनिश्चित की गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उन आरोपों को खारिज कर दिया, जिनमें भारत-अमेरिका ट्रेड डील को किसानों और तटीय समुदायों के खिलाफ बताया गया था। उन्होंने कहा कि यूरोपीय संघ, इंग्लैंड और अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौतों से भारतीय कृषि और मत्स्य क्षेत्र को नए बाजार मिलेंगे, जिससे आय में वृद्धि होगी। शाह ने दावा किया कि इन समझौतों में संवेदनशील कृषि उत्पादों को पर्याप्त संरक्षण दिया गया है। उन्होंने कहा, राहुल जी, समझौतों की बारीकियों को ध्यान से देखिए। मोदी जी ने किसानों और पशुपालकों को पूर्ण संरक्षण दिया है। इस एफटीए से हमारे किसानों का कोई नुकसान नहीं होने वाला है।




