एमडी ड्रग्स बनाने का कच्चा माल जमीन में गाड़ा, पुलिस ने नीले ड्रम किए बरामद, 266.9 किलो केमिकल जब्त

0

राजगढ़ (मध्य स्वर्णिम): जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी क्रम में माचलपुर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए जंगल क्षेत्र से एमडी ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाला भारी मात्रा में केमिकल बरामद किया है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई ग्राम आदमपुरा के जंगल इलाके में की गई, जहां मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश दी। मौके से करीब 266.9 किलोग्राम केमिकल बरामद किया गया, जिसे तस्करों ने पांच नीले ड्रमों में भरकर जमीन में गाड़ रखा था, ताकि किसी को इसकी भनक न लगे। पुलिस ने सभी ड्रमों को बाहर निकालकर जब्त कर लिया है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस केमिकल की कीमत लगभग पांच करोड़ रुपये आंकी जा रही है। बताया जा रहा है कि यह केमिकल सिंथेटिक ड्रग्स तैयार करने में इस्तेमाल किया जाता है, जिसका मुख्य निशाना युवा वर्ग होता है।