मुंबई (मध्य स्वर्णिम): महाराष्ट्र के घने और दुर्गम जंगलों में देश की सुरक्षा के लिए तैनात सी-60 कमांडो और सुरक्षा बलों ने न केवल माओवादियों की साजिशों को नाकाम किया, बल्कि भीषण गोलीबारी के बीच नक्सलियों के सुरक्षित ठिकानों को भी नेस्तनाबूद कर दिया है। जवानों के इस अटूट हौसले का ही परिणाम है कि भारी चुनौतियों और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद नक्सलियों को पीछे हटने पर मजबूर होना पड़ा। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में पिछले 24 घंटे से जारी मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया, जबकि एक सी-60 कमांडो घायल हुआ है। एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार शाम को माओवादी की कंपनी नंबर-10 के उग्रवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने के बाद भामराग के एसडीपीओ के नेतृत्व में 14 सी-60 यूनिटों के साथ गढ़चिरौली- नारायणपुर सीमा पर फोडेवाड़ा गांव के पास यह अभियान चलाया गया जिसमें दो नक्सली शिविरों का भंडाफोड़ हुआ। इस दौरान नक्सलियों का सामान बरामद हुआ।




