लोकसभा की कार्यवाही आज तक के लिए स्थगित

0

नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): संसद में बुधवार को भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर जमकर हंगामा हुआ, जिस कारण कार्रवाई सुचारु रूप से नहीं चल सकी । हंगामे के चलते लोकसभा की कार्यवाही आज तक के लिए स्थगित कर दी गई । इस कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी नहीं हो पाया । गौतरलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर बुधवार शाम 5 बजे जवाब देने वाले थे । पीएम मोदी लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब दे पाते उससे पहले हंगामे के चलते सदन नहीं चल सका । बुधवार सुबह से ही विपक्ष जोरदार हंगामा करता नजर आया, जिसके चलते स्पीकर ओम बिरला ने पहले सदन की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए, फिर दो बजे तक और फिर पांच बजे तक के लिए स्थगित कर दी थी।

पीएम मोदी डरे हुए हैं, इसीलिए संसद नहीं आए: राहुल गांधी
संसद के बजट सत्र के दौरान लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रस्तावित संबोधन हंगामे के कारण नहीं हो सका। इसी मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी सच्चाई का सामना करने से डर रहे हैं, इसलिए सदन में नहीं आए। राहुल गांधी ने इसे लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो और बयान भी साझा किया। इस वीडियो में वो पहले ही ये बात कह चुके थे। राहुल गांधी ने एक्स पर वीडियो पोस्ट कर कहा कि जैसा उन्होंने पहले कहा था, पीएम मोदी लोकसभा नहीं आएंगे। उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री डरे हुए हैं और सच्चाई का सामना नहीं करना चाहते।