जडेजा यानी जज्बा, जुनून, जीत की पारी का जश्न

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डे.लवाल एवं भारतीय क्रिकेट टीम के ऑल-राउंडर खिलाड़ी रवींद्र जडेजा ने सोमवार को रायसेन में विदिशा संसदीय क्षेत्र के सांसद खेल महोत्सव के समापन समारोह में शामिल होकर संबोधित किया। केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी रवींद्र जडेजा के साथ खुले वाहन में मैदान का भ्रमण कर और खिलाड़ियों व दर्शकों का अभिवादन स्वीकार किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जडेजा यानी जज़्बा, जुनून और जीत की पारी का जश्न है। जो अपनी स्पिन से बल्लेबाज़ को क्लीन बोल्ड कर दे, जो आखिरी ओवर में भी जीत की उम्मीद जगा दे और जो गेंदबाज, बल्लेबाज और फील्डिंग तीनों में कमाल कर दे, वही असली ऑलराउंडर होता है और युवाओं के लिए प्रेरणा है। खेल मैदान, स्टेडियम, रोपवे, शिक्षा और रोजगार में रायसेन को बनाया जाएगा आदर्श जिला बनाया जाएगा। खेल महाकुंभ प्रदेश से राष्ट्र और ओलंपिक तक खिलाड़ियों के पहुँचने का माध्यम बनेगा। विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री रहते प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं। वर्ष 2003 से पहले मध्यप्रदेश में खेलों की स्थिति लगभग न के बराबर थी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मध्यप्रदेश में खेलों को बढ़ावा दे रहे हैं।

रायसेन किले तक जाएगा रोपवे:
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि रायसेन वासियों को बड़ी सौगात देते हुए कहा कि रायसेन किले तक रोपवे की अनुमति भारत सरकार से प्राप्त हो चुकी है। अब रोपवे किले के ऊपर तक जाएगा और वहां एक भव्य म्यूजियम का निर्माण किया जाएगा। साथ ही किले का सौंदर्यीकरण कर उसे पर्यटन की दृष्टि से और अधिक आकर्षक बनाया जाएगा, जिससे रायसेन की ऐतिहासिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी।

हर विधानसभा और गांव में खेल सुविधाएं:
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, प्रदेश में नई खेल संस्कृति का विस्तार किया जाएगा। हर विधानसभा में कम से कम एक आधुनिक खेल परिसर विकसित किया जाए। रायसेन का वर्तमान स्टेडियम अस्थायी है, जिसे स्थायी और आधुनिक स्टेडियम के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि खेल सुविधाएं केवल शहरों तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि हर गांव में खेल मैदान विकसित किए जाएंगे।