इंदौर में दूषित पानी से 32 वीं मौत

0

इंदौर (मध्य स्वर्णिम): इंदौर की भागीरथपुरा बस्ती में दूषित पानी का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है । एक महीना बीत जाने के बाद भी यहाँ मौतों का सिलसिला जारी है । रविवार को बस्ती में 32वीं मौत दर्ज की गई, जिसने इलाके में दहशत और बढा दी है । ताज़ा मामला 65 वर्षीय अनिता कुशवाहा का है, जिन्होंने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया । अनिता को कुछ दिन पहले स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उल्टी- दस्त की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया था । शुरुआत में इसे सामान्य संक्रमण माना जा रहा था, लेकिन धीरे-धीरे उनकी दोनों किडनियां खराब हो गई । उनकी हालत इतनी नाजुक हो गई कि उन्हें वेंटिलेटर पर रखना पड़ा । इलाज के दौरान उन्हें दिल का दौरा भी पड़ा, जिसके बाद उनकी स्थिति और बिगड़ती चली गई और आखिरकार उन्होंने दम तोड़ दिया । हैरानी की बात यह है कि बस्ती में अब तक 32 लोग जान गंवा चुके हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड में सिर्फ 16 मौतें ही दर्ज हैं । विभाग इन मौतों की मुख्य वजह डायरिया (उल्टी- दस्त) मान रहा है । बाकी की अन्य मौतों का अभी तक कोई डेथ ऑडिट नहीं किया गया है, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं । फिलहाल बस्ती के दो और मरीज अस्पताल में भर्ती हैं जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है । राहत की बात बस इतनी है कि अब नए मरीजों के मिलने की रफ्तार कम हुई है और मामूली लक्षण वाले लोगों का घर पर ही इलाज चल रहा है ।