राजधानी में 26.5 टन गोमांस प्रकरण को लेकर प्रदर्शन तेज, आंदोलन बढ़ाने की चेतावनी

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 26.5 टन गोमांस मिलने के मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन लगातार तेज होता जा रहा है। रविवार को भोपाल में शीतलदास की बगिया में आयोजित धार्मिक-सामाजिक कार्यक्रम के दौरान इस प्रकरण को लेकर आक्रोश देखने को मिला। कार्यक्रम स्थल पर करीब 30 से अधिक युवकों ने सामूहिक मुंडन कराया। आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन गोमाता की आत्मा की शांति और मामले में न्याय की मांग के उद्देश्य से किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनकारियों ने दोषी कर्मचारियों को बर्खास्त करने की मांग को लेकर नारेबाजी की। उनका आरोप है कि मामला सामने आने के बाद प्रशासन की ओर से केवल सीमित कार्यवाई की गई है, जबकि प्रकरण में संलिप्त बताए जा रहे कुछ सरकारी और नगर निगम कर्मियों के खिलाफ अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। जय मां भवानी हिंदू संगठन के अध्यक्ष भानु हिंदू ने कहा कि संगठन इस मामले में असलम और शोएब के साथ-साथ उन सभी निगम कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है, जिनकी भूमिका सामने आने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई । उन्होंने आरोप लगाया कि यह मामला केवल अवैध गोमांस से जुड़ा नहीं है, बल्कि इसमें प्रशासनिक लापरवाही और संरक्षण का पहलू भी शामिल है।

मांगें नहीं मानीं तो आंदोलन होगा तेज:
भानु हिंदू ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पडऩे पर प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति तक अपनी बात पहुंचाने के लिए आंदोलन को व्यापक स्तर पर ले जाया जाएगा, ताकि प्रकरण पर उच्च स्तर पर संज्ञान लिया जा सके।


पुलिस-प्रशासन की भूमिका पर सवाल:

संगठन ने इस पूरे मामले में पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि घटना को काफी समय बीत चुका है, इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होना जनभावनाओं को आहत कर रहा है। इसी नाराजगी के चलते कार्यक्रम के दौरान प्रतीकात्मक पिंडदान, सामूहिक मुंडन और नारेबाजी की गई। गौरतलब है कि 17 दिसंबर 2025 को पुलिस मुख्यालय परिसर के पास गोमांस से भरा एक कंटेनर पकड़ा गया था, जिसके बाद यह मामला सामने आया था।