भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि रीवा, विंध्य क्षेत्र के विकास के लिए ट्रेन के इंजन के समान है, जो संपूर्ण विंध्य को गति प्रदान कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया का सबसे बड़ा लोकतान्त्रिक देश सभी चुनौतियों को पार करते हुए सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। भारतीय छात्र मेडिकल की पढ़ाई करने के लिए यूक्रेन और उसके आसपास के देशों में जाते थे। वहां जब युद्ध के हालात बने तो प्रधानमंत्री मोदी एक- एक भारतीय को स्वदेश वापस लेकर आए । मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को रीवा के श्याम शाह चिकित्सा महाविद्यालय के विस्तारीकरण कार्य का भूमि-पूजन करने के बाद जनसमुदाय को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्तमान सरकार में उप-मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल लगातार 24 घंटे सबसे अच्छा काम करके दिखा रहे हैं। इसके सुदृढ़ परिणाम भी सामने आ रहे हैं। प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास कार्यो की गति निरंतर जारी है। रीवा में नया अस्पताल भवन बनने के बाद 2400 से अधिक बेड की क्षमता हो जाएगी। आजादी के बाद 55 वर्षों में प्रदेश में सिर्फ 5 मेडिकल कॉलेज थे । हमारी सरकार आने के बाद 2 साल में ही 6 शासकीय मेडिकल कॉलेज खुले हैं। प्रदेश के प्रमुख जिलों के साथ जनजातीय अंचलों में भी मेडिकल कॉलेज खोलने की पहल की गई है। बहुत जल्द मध्यप्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 50 हो जाएगी । रीवा के नए अस्पताल भवन में कार्डियोलॉजी, न्यूरो सर्जरी, न्यूरोलॉजी, यूरोलॉजी, नेफ्रोलोजी और कैंसर के इलाज के लिए स्पेशल यूनिट बनेगी । इसके अलावा भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर में भी अत्याधुनिक मशीनों के माध्यम से कैंसर मरीजों को इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी । मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार के लिए ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों का समान महत्व है।
किसानों के कल्याण के लिए मिशन मोड में करें काम:सीएम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि जो हम सबके अन्नदाता हैं, उनके दुख-दर्द की चिंता करना हमारा कर्तव्य है। किसानों का समग्र कल्याण राज्य सरकार की प्राथमिकता है। यह सरकार के लिए एक मिशन है। सरकार ने वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष घोषित किया है। किसानों का जीवन संवारने और इनकी बेहतरी के लिए पूर्ण समर्पित भाव से मिशन मोड में कृषक कल्याण वर्ष का बेहद प्रभावकारी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से प्रदेश के सभी कमिश्नर्स-कलेक्टर्स को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कृषक कल्याण वर्ष के दौरान किसानों के जीवन में खुशहाली लाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। किसान रथ चलाये जाएं। इनका शुभारंभ स्थानीय सांसद/विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों से ही कराएं। उन्होंने कहा कि कृषक कल्याण वर्ष में किसानों से विभिन्न स्थानों पर को निरंतर संवाद करें। उन्हें ग्रीष्मकालीन मूंग के स्थान पर अधिकाधिक रकबे/मात्रा में मूंगफली और उड़द की फसल लेने के लिए प्रोत्साहित करें।




