सतना: नागौद थाना क्षेत्र में युवती से मारपीट का मामला तुल पकड़ता जा रहा है। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक और संघटनात्मक हलचल तेज हो गई है। पार्टी की छवि पर उठे सवालों के बीच जिला भाजपा महामंत्री ने नागौद मंडल अध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस जारी किया है बताया जा रहा है कि हाल ही में एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक युवक युवती के साथ सरेआम मारपीट करता दिखाई दे रहा है। आरोप है कि वीडियो में नजर आ रहा युवक भाजपा का नागौद मंडल अध्यक्ष है। वीडियो में युवती मदद की गुहार लगाती और खुद को बचाने की कोशिश करती दिख रही है, जिससे आमजन में भारी आक्रोश फैल गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला भाजपा महामंत्री ने संज्ञान लेते हुए नागौद मंडल अध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि इस प्रकार की घटनाएँ पार्टी की गरिमा, अनुशासन और छवि के खिलाफ हैं। संगठन ने पूरे मामले में मंडल अध्यक्ष से जवाब तलब किया है नोटिस के माध्यम से मंडल अध्यक्ष को निर्देश दिए गए हैं कि वे तय समय-सीमा के भीतर लिखित रूप में अपना पक्ष रखें। संगठन ने संकेत दिए हैं कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो पार्टी संविधान के तहत कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है। उधर, युवती की शिकायत के आधार पर नागौद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




