भोपाल (मध्य प्रदेश): मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 29 जनवरी को मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ में आयोजित सोयाबीन भावांतर राशि भुगतान के कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव कार्यक्रम में चौथी किस्त के रूप में प्रदेश के एक लाख 17 हजार किसानों को 200 करोड़ की भावांतर राशि का भुगतान करेंगे। यह राशि उन किसानों को भुगतान की जाएगी, जिन्होंने 20 दिसंबर 2025 से योजना समासि तक सोयाबीन का विक्रय किया है। अब तक प्रदेश के कुल 7 लाख 10 हजार किसानों को 1492 करोड़ रुपए की भावांतर राशि का भुगतान किया जा चुका है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ में 69.50 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात देंगे। जिसमें 51.91 करोड़ रुपए की लागत से मंदसौर-नीमच स्टेट हाईव पर स्थित मल्हारगढ़ 4- लेन फलाई-ओवर का भूमि-पूजन, 5.53 करोड़ रुपए की लागत से पिपरलिया मंडी समपार रेलवे अंडर ब्रिज का भूमि-पूजन एवं 2.06 करोड़ रुपए की लागत से मल्हारगढ़ रेलवे स्टेशन रोड पर पुल निर्माण कार्य का लोकार्पण करेंगे। इन विकास कार्यों से क्षेत्र में यातायात सुविधा सुदृढ़ होगी तथा आमजन को आवागमन में राहत मिलेगी।
असमय वर्षा से फसलों को हुई क्षति का किया जाए आंकलन: सीएम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने असमय वर्षा के कारण फसलों को हुई क्षति का आंकलन करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के साथ खड़ी है। प्रदेश के हर जिले में प्रशासन असमय वर्षा, मावठे के प्रति सतर्क रहे। जिला प्रशासन किसानों को असमय वर्षा से होने वाली क्षति से बचाने का प्रयास करे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में मौसम की विपरीत परिस्थियों और असमय वर्षा की स्थिति में राज्य किसान भाइयों के साथ खड़ी है। प्रदेश में मावठा से फसलों को हुए नुकसान के सर्वे के लिए जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं। किसानों की समस्याओं का हल करने प्रशासन को अलर्ट किया गया है।




