भोपाल: दिल्ली कांग्रेस मुख्यालय में आज मध्यप्रदेश कांग्रेस नेताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल मौजूद रहे। राहुल गांधी ने बैठक में कहा कि एसटी, एससी, ओबीसी, महिलाएं और अल्पसंख्यक जैसे हर वर्ग के लिए अलग रणनीति बनाई जाए। उनका कहना था कि पहले उनकी समस्याएँ समझें और फिर उन्हें हल करने के लिए ठोस योजना तैयार की जाए। राहुल गांधी ने नेताओं को संगठन में दिए गए कामों की फॉलोअप और मॉनिटरिंग का तरीका समझाया। उन्होंने बताया कि किस पदाधिकारी से कैसे काम लेना है और काम का परिणाम कैसे देखा जाएगा। संगठन में नियुक्त जिला अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों के कामकाज को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। बैठक के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने बताया कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी संगठन और विधायक दल के तौर पर मजबूती से काम कर रही है। ऐसे में इसे और आगे कैसे बढ़ाया जाए, इस पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि आज मप्र में किसान, युवा, महिला, छात्र हर वर्ग के साथ अन्याय हो रहा है।




