भोपाल (मध्य स्वर्णिम): राज्य के 21 पुलिस अधिकारियों को राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जाएगा। इनमें 4 वरिष्ठ अधिकारियों को प्रेसिडेंट मेडल फॉर डिस्टिंग्विश्ड सर्विस और 17 अधिकारियों को मेडल फॉर मेरीटोरियस सर्विस प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान अपने- अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट निष्ठा, अनुशासन, मानव सेवा और सराहनीय कार्यों के लिए दिया जा रहा है। राष्ट्रपति पदक को देश के सर्वोच्च पुलिस सम्मानों में गिना जाता है, जो कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और सेवा भावना का प्रतीक है। इन अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस, 15 अगस्त 2026 को आयोजित अलंकरण समारोह में पदक प्रदान किए जाएंगे। इंदौर पुलिस कमिशनर एवं 2000 बैच के आईपीएस अधिकारी संतोष कुमार सिंह, नर्मदापुरम आईजी मिथिलेश कुमार शुक्ला, भोपाल के एडिशनल पुलिस कमिश्नर अवधेश कुमार गोस्वामी तथा निरीक्षक शिव कुमार पटेल को प्रेसिडेंट मेडल फॉर डिस्टिंग्विश्ड सर्विस से सम्मानित किया जाएगा। वहीं, सराहनीय सेवा के लिए 17 पुलिस अधिकारियों को मेडल फॉर मेरीटोरियस सर्विस से नवाजा जाएगा। इनमें पुलिस महानिरीक्षक कृष्णावेणी देसावतु, पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय, गीतेश कुमार गर्ग, दुर्गेश कुमार राठौर, निरीक्षक प्रवीण सिंह, निधि श्रीवास्तव, उप पुलिस अधीक्षक संजय सिंह ठाकुर, निरीक्षक शफफली टाकलंकर, हेड कांस्टेबल श्रीराम मिश्रा, कांस्टेबल सुशील कुमार चौबे, उप निरीक्षक प्रेम कुमार व्यास, उप निरीक्षक महेंद्र सिंह नेगी, सहायक उप निरीक्षक संतोष मेहरा, कांस्टेबल रविन्द्र मिश्रा और निरीक्षक राजू गुरानें शामिल हैं।




