राजस्थान एसटीएफ की आरकेडीएफ में दबिश, फर्जी मार्कशीट प्रकरण में कई ठिकानों पर एकसाथ दबिश

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): राजस्थान स्पेशल टास्क फोर्स ने आरकेडीएफ यूनिवर्सिटी से जुड़े कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई फर्जी मार्कशीट और शैक्षणिक प्रमाण पत्रों से जुड़े एक मामले की जांच के तहत की गई। राजस्थान से आई एसटीएफ की तीन अलग-अलग टीमों ने गांधी नगर स्थित आरकेडीएफ यूनिवर्सिटी कैंपस, कोलार क्षेत्र की शाखा और यूनिवर्सिटी के संचालक सुनील कपूर के निवास पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया। जानकारी के अनुसार, पूरी कार्रवाई को बेहद गोपनीय रखा गया था। एसटीएफ के कैंपस पहुंचते ही मुख्य द्वार बंद करा दिए गए। उस दौरान परिसर में मौजूद कर्मचारियों और स्टाफ को बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी गई, वहीं छात्रों की एंट्री भी तत्काल प्रभाव से रोक दी गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से यूनिवर्सिटी परिसर में अफरा-तफरी और असमंजस का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि राजस्थान में दर्ज एक प्रकरण की जांच के दौरान आरकेडीएफ यूनिवर्सिटी से जारी कथित फर्जी मार्कशीट और अन्य शैक्षणिक दस्तावेजों के उपयोग के सुराग मिले थे। इसी के आधार पर एसटीएफ की टीमें भोपाल पहुंचीं और दस्तावेजों की गहन पड़ताल शुरू की। यूनिवर्सिटी के अलग-अलग विभागों से फाइलें, कंप्यूटर डेटा और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड जब्त कर जांच की जा रही है। इसी दौरान एसटीएफ की एक टीम यूनिवर्सिटी संचालक सुनील कपूर के आवास पर भी पहुंची, जहां उनसे पूछताछ की गई और संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है।