सतना में 28 लाख की नशीली कफ सिरप जब्त

0

मैहर (मध्य स्वर्णिम): सतना जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। नागौद थाना क्षेत्र के परसमनिया जंगल स्थित मड़फई गांव में दबिश देकर पुलिस ने करीब 28 लाख रुपये मूल्य की प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप जब्त की है। कार्रवाई के दौरान एक मकान से 120 पेटी कफ सिरप बरामद की गई, जिनमें करीब 14 हजार शीशियां शामिल हैं। इस मामले में पुलिस ने एक महिला सहित तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि तस्करी नेटवर्क से जुड़े तीन अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

जंगल किनारे बने मकान में किया गया था स्टॉक:
पुलिस जांच में सामने आया है कि तस्करों ने मडफ़ई गांव के जंगल किनारे स्थित एक मकान को अस्थायी गोदाम के रूप में इस्तेमाल कर रखा था। यह मकान चौरसिया देवी साकेत का बताया जा रहा है। पुलिस को जब पुख्ता सूचना मिली, तो टीम ने मौके पर दबिश दी और महिला को हिरासत में लेकर मकान का ताला तुड़वाया। अंदर बड़ी संख्या में कफ सिरप की पेटियां व्यवस्थित तरीके से रखी मिलीं।