भोपाल (मध्य स्वर्णिम): केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी विदिशा जिले में आयोजित कार्यक्रम में 4,400 करोड़ रूपये से अधिक लागत से निर्मित एवं प्रस्तावित 8 राष्ट्रीय राजमार्ग परियाजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। 181 किलोमीटर लम्बी ये परियोजनाएँ मध्य भारत एवं बुंदेलखंड क्षेत्र की सड़क कनेक्टिविटी को मजबूती प्रदान करेंगी और प्रदेश के सड़क एवं परिवहन अवसंरचना विकास की दिशा में एक ओर ऐतिहासिक अध्याय जुड़ेगा। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश को मिल रही ये परियोजनाएं क्षेत्रीय विकास, औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार, आवागमन की सुगमता और आर्थिक प्रगति को नई गति प्रदान करेंगी। साथ ही सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और कुशल, प्रशिक्षित चालकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में 3 आधुनिक ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया जाएगा। ये केंद्र सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, सुरक्षित ड्राइविंग व्यवहार विकसित करने तथा युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से भोपाल, विदिशा, सागर, राहतगढ़, ब्यावरा सहित प्रमुख औद्योगिक, कृषि एवं पर्यटन मार्गों पर यातायात सुगम होगा। चार-लेन चौड़ीकरण से जहां यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी, वहीं ईंधन की बचत, प्रदूषण में कमी और सड़क सुरक्षा में वृद्धि सुनिश्चित होगी।
सड़क सुरक्षा की मजबूत नींव:
MoRTH की पहल के तहत विदिशा और सागर जिलों में प्रस्तावित 3 ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं से युक्त होंगे। IDTR एवं RDTC अवधारणा पर विकसित ये केंद्र सुरक्षित, अनुशासित और जिम्मेदार ड्राइविंग को प्रोत्साहित करेंगे, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी। इन तीनों सेंटर का शिलान्यास भी किया जायेगा। रातापानी वन्यजीव अभ्यारण्य क्षेत्र, 4-लेन चौड़ीकरण लंबाई 12 किमी जिसकी लागत 418 करोड़ रुपए और देहगांव-बम्होरी मार्ग का निर्माण कार्य लंबाई 27 किमी जिसकी लागत:60 करोड़ रुपए है। इन दोनों परियोजनाओं का लोकार्पण होगा। जबकि शिलान्यास होने वाली परियोजनाएँ 1. भोपाल-विदिशा खंड का 4-लेन चौड़ीकरण,लंबाई 42 किमी और लागत 1,041 करोड़ 2. विदिशा-ग्यारसपुर खंड का 4-लेन चौड़ीकरण लंबाई 29 किमी और लागत 543 करोड़,3. ग्यारसपुर-राहतगढ़ खंड का 4-लेन चौड़ीकरण जिसकी लंबाई 36 किमी तथा लागत 903 करोड़ 4 राहतगढ़-बेरखेड़ी खंड का 4-लेन चौड़ीकरण जिसकी लंबाई: 10 किमी लागत 731 करोड़ 5. सागर वेस्टर्न बायपास (ग्रीनफील्ड) का 4-लेन निर्माण लंबाई 20.2 किमी और लागत 688 करोड़ रुपए 6. भोपाल-ब्यावरा खंड पर 05 अंडरपास लंबाई 5 किमी लागत 122 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा।




