मुंबई (मध्य स्वर्णिम): महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन ने 29 में से अधिकांश नगर निगमों में बढ़त हासिल कर ली है। बीएमसी चुनाव के अब तक आए नतीजों में बीजेपी-शिवसेना गठबंधन ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बीजेपी की शानदार जीत के बाद जनता का आभार व्यक्त किया है। पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि लोगों ने विकास के एजेंडे को स्वीकार किया है और अलग-अलग नगर पालिकाओं में रिकॉर्ड तोड़ जनादेश देकर यह साबित कर दिया है कि वे विकास चाहते हैं। फडणवीस ने इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जनता के भरोसे को दिया और कहा कि यह जीत हर किसी की जिंदगी में बदलाव लाने के लिए है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता की उम्मीदों को समझें और जिम्मेदारी से काम करें।
जनता का विश्वास सिर्फ पीएम मोदी:
चुनाव नतीजों के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म – पर महायुति की जीत पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रिएक्शन दिया है। अमित शाह ने कहा, ‘महाराष्ट्र के नगर निगम चुनावों में भाजपा- शिवसेना गठबंधन की प्रचंड जीत यह बताती है कि देश के कोने-कोने की जनता का विश्वास सिर्फ और सिर्फ पीएम नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व वाली एनडीए की विकासनीति पर है।’ अमित शाह ने कहा है कि यह ऐतिहासिक सफलता महायुति सरकार द्वारा प्रदेश में किए गए विकास और जनकल्याण के कार्यों पर जनता की मुहर है।




