गांधी के नाम पर राजनीति करने वाले ‘नकली गांधी: डॉ. मोहन यादव

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में वीबी-रामयोजना को लेकर आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला को संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यशाला के संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में मूल्यपरक, सिद्धांतनिष्ठ और राष्ट्रहित आधारित राजनीति की स्पष्ट दिशा तय की है। वीबी-रामजनजागरण अभियान के माध्यम से गांवों और किसानों को सशक्त करने का ऐतिहासिक कार्य किया जा रहा है। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2024 को महिला सशक्तिकरण, वर्ष 2025 को उद्योग एवं रोजगार वर्ष के रूप में मनाया। अब वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी ने महात्मा गांधी के नाम का हमेशा राजनीतिक दुरूपयोग किया है। कांग्रेस में सब नकली गांधी है, जिन्होंने सदैव गांधी के विचारों का दमन किया। महात्मा गांधी के नाम का उपयोग करने वाली कांग्रेस भगवान राम विरोधी है। कांग्रेस का गांधी परिवार महात्मा गांधी के परिवार के उत्तराधिकारी बनने का ढोंग करते है। वीबी- रामयोजना में भगवान श्रीराम का नाम जुड़ गया तो कांग्रेस विरोध पर उतर आई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि वीबी-रामयोजना मजदूरों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने, पंचायतों को जवाबदेह बनाने और गांवों में पारदर्शी विकास की व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। कांग्रेस शासनकाल में योजनाओं और संस्थानों के नाम एक ही परिवार तक सीमित कर दिए गए, जबकि भारतीय जनता पार्टी ने महापुरुषों के विचारों को केवल नामों तक नहीं, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के स्वप्न को साकार करने के लिए देशव्यापी स्वच्छता अभियान प्रारंभ कर उसे जन-आंदोलन बनाया। महात्मा गांधी की मंशा के अनुरूप प्रधानमंत्री मोदी ने खादी, स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत की भावना को पुनर्जीवित किया है। मोदी के नेतृत्व में देश वर आज गांधी के सपनों के भारत की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। वीबी-रामयोजना में श्रमिकों को पूर्व की योजना से डबल दिनों का रोजगार मिलने की व्यवस्था की गई है। भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि वीबी-रामयोजना वर्तमान समय की अवश्यकता के अनुरूप बनाई गई है। पहले गरीबों के शोषण करने वाली नीतियां बनती थीं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मजदूरों के साथ सभी समाज वर्गके कल्याण के लिए योजना बन रहीं हैं। पार्टी कार्यकर्ता जनता को बताएं कि भारत को विकसित राष्ट बनाने, गांवों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए वीबी- रामयोजना बनाना वर्तमान समय की आवश्यकता थी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज स्वामी विवेकानंद की जयंती को सार्थक करने का अवसर है। हम सनातन संस्कृति से प्रेरित ग्रामोदय से अभ्युदय की विकास परंपरा पर चर्चा कर रहे हैं। भारत की सांस्कृतिक विरासत आदिकाल से गांवों के उत्थान के माध्यम से राष्ट्र के अभ्युदय की दिशा दिखाती रही है। नरेंद्र मोदी ने लोकतंत्र में यह स्पष्ट कर दिया है कि राजनीति सत्ता और वोट के लिए नहीं, बल्कि मूल्य, मर्यादा और राष्ट्रहित के लिए होती है। श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी ने एक वोट के कारण सत्ता छोड़ दी थी, लेकिन अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। यही भाजपा की राजनीतिक संस्कृति है। उन्होंने कहा कि कुछ दल लोकलुभावन राजनीति और वोट बैंक के आधार पर सत्ता चलाने का प्रयास करते हैं, जबकि भाजपा मूल्यपरक राजनीति के लिए सत्ता का त्याग भी कर देती है।