एक ही दिन में 10 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में रोजगारपरक कार्यों से समाज को जोड़कर युवाओं के सपने साकार करते हुए हमारा देश आगे बढ़े, यही हमारा संकल्प है। रोजगार और मेहनत से युवा अपना जीवन सुधारें, देश सवारें, इस उद्देश्य से युवाओं की मदद करना हमारा लक्ष्य है। युवाओं को स्टार्ट-अप नीति और अन्य योजनाओं के माध्यम से मदद की जा रही है। प्रदेश के युवाओं को क्षेत्रीय स्तर पर ही राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिये प्रदेश के विभिन्न अंचलों में रोजगार मेले आयोजित किये जा रहे हैं। राजगढ़ जिले के सारंगपुर में आयोजित इस मेले में शाजापुर, सीहोर, आगर-मालवा, देवास, भोपाल और गुना जिलों के युवा उम्मीदवार सहभागिता की। यह मेला प्रदेश के युवाओं को रोजगार के समुचित अवसर दिलाने में मील का पत्थर साबित होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को सारंगपुर जिला राजगढ़ में आयोजित युवा संगम रोजगार मेला-2026 को रवीन्द्र भवन भोपाल से वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य काश्यप साथ थे। सारंगपुर में आयोजित कार्यक्रम में सांसद सुमेर सिंह सोलंकी सहित क्षेत्रीय विधायक तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि युवा संगम रोजगार मेले में 150 से अधिक कंपनियों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। इनमें फाइनेंस, सेल्स, मार्केटिंग, हेल्थ केयर, मैन्युफैक्चरिंग, आईटी, सॉफ्टवेयर, डिजिटल मार्केटिंग, क्वालिटी मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। प्रदेश के महाविद्यालयों, आईटीआई और पॉलिटेक्निक कॉलेजों में, कंपनियों की अपेक्षाओं के अनुसार युवाओं को दक्षता और क्षमता बढ़ाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कार्यशालाएं आयोजित की गई।

खेलो एमपी यूथ गेम्स का शुभारंभ आज:
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शाम 6 बजे खेलो एमपी यूथ गेम्स का शुभारंभ करेंगे। वॉटर स्पोट्र्स अकादमी, बोट क्लब बड़ा तालाब भोपाल पर वॉटर प्रोजक्शन, लेजर शो, भव्य आतिशबाजी, शेफाली अल्वारेस एवं दिव्या कुमार की प्रस्तुति के साथ खेलो एमपी यूथ गेम्स की शुरूआत होगी। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने आयोजन स्थल पहुँचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। मंत्री सारंग ने बताया खेलो एमपी यूथ गेम्स देश में पहली बार खेल विभाग एवं सभी मान्यता प्राप्त खेल संघों के संयुक्त समन्वय से आयोजित हो रहे है। झीलों की नगरी भोपाल से एमपी के सबसे बड़े खेल महाकुंभ का भव्य शुभारंभ होगा। शुभारंभ समारोह में भोपाल के तालाबों की भव्यता सजीव रूप में दिखाई देगी। कार्यक्रम में खेलो एम. पी यूथ गेम्स के लोगो, टीशर्ट, टॉर्च, एंथेम और मैस्कॉट लाँच किया जायेगा। प्रतियोगिता 31 जनवरी तक होगी। प्रतियोगिता चार चरणों में विकासखण्ड, जिला, संभाग एवं राज्य स्तर पर किया जायेगा।